An effort to spread Information about acadamics

Blog / Content Details

विषयवस्तु विवरण



पाठ 2 'बुद्धि का फल' अभ्यास एवं सम्पूर्ण प्रश्नों के उत्तर | भाषा भारती (हिन्दी विशिष्ट) कक्षा 5 वीं

  • BY:
     RF Temre

एक रोज की बात है कि बादशाह अकबर के दरबार में लंका के राजा का एक दूत पहुँचा। उसने बादशाह अकबर से एक नई तरह की माँग करते हुए कहा- "आलमपनाह! आपके दरबार में एक से बढ़कर एक बुद्धिमान, होशियार तथा बहादुर दरबारी मौजूद हैं। हमारे महाराज ने आपके पास मुझे एक घड़ा भरकर बुद्धि लाने के लिए भेजा है। हमारे महाराज को आप पर पूरा भरोसा है कि आप उसका बंदोबस्त किसी-न-किसी तरह और जल्दी ही कर देंगे।"

यह सुनकर बादशाह अकबर चकरा गए।

उन्होंने अपने मन में सोचा- "क्या बेतुकी माँग की है, भला घड़े भर बुद्धि का बंदोबस्त कैसे किया जा सकता है? लगता है- लंका का राजा हमारा मजाक बनाना चाहता है, कहीं वह इसमें सफल हो गया तो...........?"

तभी बादशाह को बीरबल का ध्यान आया, वे सोचने लगे कि शायद यह कार्य बीरबल के वश का भी न हो, मगर फिर भी उसे बुलाने में बुराई ही क्या है?

जब बीरबल को बादशाह के बुलवाने का कारण ज्ञात हुआ तो वह मुस्कुराते हुए कहने लगे- "आलमपनाह! चिंता की कोई बात नहीं, बुद्धि की व्यवस्था हो जाएगी, लेकिन इसमें कुछ हफ्ते का वक्त लग सकता है।"

बादशाह अकबर बीरबल की इस बात पर कहते भी तो क्या, बीरबल को मुँह माँगा समय दे दिया गया।

बीरबल ने उसी दिन शाम को अपने एक खास नौकर को आदेश दिया- "छोटे मुँह वाले कुछ मिट्टी के घड़ों की व्यवस्था करो।"

नौकर ने फौरन बीरबल की आज्ञा का पालन किया।

घड़े आते ही बीरबल अपने नौकर को लेकर कद्दू की एक बेल के पास गए। उन्होंने नौकर से एक घड़ा लिया, बीरबल ने घड़े को एक कद्दू के फूल पर उल्टा रख दिया, उसके बाद उन्होंने सेवक को आदेश दिया कि बाकी सारे घड़ों को भी इसी तरह कद्दू के फूलों पर उल्टा रख दें।

बीरबल ने इस काम के बाद सेवक को उन घड़ों की देखभाल सावधानी पूर्वक करते रहने का हुक्म दिया और खुद वहाँ से चले गए।

बादशाह अकबर ने कुछ दिन बाद इसके बारे में पूछा, तो बीरबल ने तुरंत उत्तर दिया- "आलमपनाह! इस कार्य को हो चुका समझें, बस दो सप्ताह का समय और चाहिए, उसके बाद पूरा घड़ा बुद्धि से लबालब भर जाएगा।"

बीरबल ने पन्द्रह दिन के बाद घड़ों के स्थान पर जाकर देखा कि कद्दू के फल घड़े जितने बड़े हो गए हैं, उन्होंने नौकर की प्रशंसा करते हुए कहा- "तुमने अपनी जिम्मेदारी बड़ी कुशलतापूर्वक निभाई है, इसके लिए हम तुम्हें क्या इनाम देंगे।"

इसके बाद बीरबल ने लंका के दूत को बादशाह अकबर के दरबार में बुलाया और उसे बताया कि बुद्धि का घड़ा लगभग तैयार है।

लंका के दूत के आने पर बीरबल ने फौरन ताली बजाई, ताली की आवाज सुनते ही बीरबल का सेवक एक बड़ी थाली में घड़ा लिए हुए बड़ी शान से दरबार में हाजिर हुआ।

बीरबल ने घड़ा उठाया और उसे लंका के दूत के हाथ में सौंपते हुए कहा- "लीजिए श्रीमान आप इसे अपने महाराज को भेंट कर दीजिए, लेकिन एक बात अवश्य ध्यान रखिएगा कि खाली होने पर हमारा यह कीमती बर्तन हमें जैसा-का-तैसा वापस मिल जाना चाहिए। इसमें रखा बुद्धि का फल तभी प्रभावशाली साबित होगा, जब इस बर्तन को कोई नुकसान ना पहुँचे।

इस पर दूत ने बीरबल से पूछा- "हुजूर! क्या मैं इस बुद्धि के फल को देख सकता हूँ।"

"हाँ......हाँ....... जरूर।" बीरबल ने अपनी गर्दन हिलाते हुए कहा- "और हाँ, अगर आपके राजा को कुछ और बुद्धि की आवश्यकता पड़े तो ऐसे पाँच घड़े हमारे पास और तैयार रखे हैं।"

परेशान होते हुए दूत ने मन-ही-मन सोचा- "हमारी भी मति मारी गई है। भला हमें भी क्या सूझी, बीरबल का कोई जवाब नहीं है...... भला ऐसी बात मैंने सोची भी कैसे?"

घड़ा लेकर दूध के जाते ही बादशाह अकबर भी अपनी उत्सुकता को न दबा सके। वे फौरन बोल उठे- "बीरबल! बुद्धि का फल हमें भी तो दिखाओ, अभी-अभी तुम कह रहे थे कि ऐसे पाँच घड़े और भी रखे हैं?"

"अभी मँगाए देता हूँ आलमपनाह!" बीरबल ने उत्तर दिया।

बदशाह के कहते ही घड़ा मँगवा दिया गया, जैसे ही उन्होंने घड़े में झाँका तो उन्होंने पूरा का पूरा घड़ा कद्दू से भरा पाया। देखते ही बादशाह को हँसी आ गई। वे बीरबल की पीठ ठोकते हुए कहने लगे- "मान गए भई! तुमने भी बुद्धि का क्या शानदार फल पेश किया है, लगता है इसे पाकर लंका के राजा को बुद्धिमान होने में तनिक भी देर नहीं लगेगी।"

अभ्यास
बोध प्रश्न

1. निम्नलिखित शब्दों के अर्थ शब्दकोश से खोजकर लिखिए―
दूत = समाचार पहुँचाने वाला
हुक्म = आदेश
बंदोबस्त = व्यवस्था
भेंट कर देना = उपहार प्रदान कर देना
चकरा जाना = आश्चर्यचकित होना
उत्सुकता = जानने की इच्छा
हाजिर = उपस्थित
तनिक = थोड़ा

2. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर लिखिए―
(क) लंका के राजा का दूत अकबर के पास क्या लाने के लिए पहुँचा?
उत्तर- लंका के राजा का दूत अकबर के पास एक घड़ा भरकर बुद्धि लाने के लिए पहुँचा।

(ख) अकबर बादशाह ने बीरबल को किस कार्य के लिए बुलाया?
उत्तर- अकबर बादशाह ने बीरबल को लंका के राजा की बेतुकी माँग की पूर्ति हेतु युक्ति ढूँढने के लिए बुलाया।

(ग) बीरबल ने बुद्धि का घड़ा कैसे तैयार किया?
उत्तर- बीरबल ने मिट्टी के घड़े को एक कद्दू के फूल के ऊपर उल्टा लटकवा दिया। कुछ सप्ताह के बाद कद्दू का फल जब घड़े के आकार जैसा बड़ा हो गया तो बीरबल ने उसे लंका के दूत को यह कहकर सौंप दिया कि यही बुद्धि का घड़ा है।

(घ) बादशाह अकबर को क्या उत्सुकता हुई?
उत्तर- लंका के दूत को बुद्धि का घड़ा देखकर संतुष्ट होकर जाते देख बादशाह अकबर को यह जानने की तीव्र उत्सुकता हुई कि आखिर उस घड़े में ऐसा क्या था कि बीरबल ने उसे बुद्धि का घड़ा सिद्ध कर दिया।

(ड.) यदि बीरबल के स्थान पर आप होते तो क्या करते? सोचिए और लिखिए।
उत्तर- यदि बीरबल के स्थान पर हम होते तो निश्चित ही कुछ ऐसा सोचते जिससे कि तर्क के आधार पर ही सही, यह अवश्य सिद्ध किया जा सकता कि हमारे द्वारा प्रस्तुत घड़ा, बुद्धि का घड़ा है।

3. रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए―
(क) लंका के दूत के आने पर बीरबल ने फौरन ........ बजाई। (ताली/डुगडुगी)
उत्तर- ताली
(ख) इसमें रखा गया बुद्धि का फल भी तभी प्रभावी साबित होगा जब इस बर्तन को कोई ........... न पहुँचे। (हानि/लाभ)
उत्तर- हानि
(ग) जब बादशाह अकबर ने घड़े में झाँका तो पूरा का पूरा घड़ा .......... भरा पाया। (कद्दू के फल से/अमरूद के फल से)
उत्तर- कद्दू के फल से
(घ) इसे पाकर लंका के राजा को बुद्धिमान होने में .......... भी देर नहीं लगेगी। (तनिक/अधिक)
उत्तर- तनिक

भाषा अध्ययन

1. निम्नलिखित मुहावरों के अर्थ लिखकर, वाक्यों में प्रयोग कीजिए―
(क) पीठ ठोकना (शाबाशी देना)- विद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर प्रधानाचार्य जी ने राकेश की पीठ ठोकी।
(ख) मति मारी जाना (बुद्धि खराब होना)- रहीम पर गरीबी क्या आई, उसकी तो मति ही मारी गई।
(ग) मुँह माँगा (मन चाहा)- छोटू के पिताजी ने उसे खिलौना क्या लाकर दिया, उसको तो मानो मुँह माँगा वर मिल गया।
(घ) चकरा जाना (आश्चर्य में पड़ना)- इतनी विशाल इमारत देखकर सभी पर्यटक चकरा गए।
(ड.) आँखें बिछाना (उत्सुकता के साथ प्रतीक्षा करना)- विश्व कप जीतकर लौटे खिलाड़ियों के स्वागत में देशवासियों ने आँखें बिछा दीं।
(च) नौ-दो ग्यारह होना (भाग जाना)- पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे युवक नौ-दो ग्यारह हो गए।

2. निम्नलिखित शब्दों में से सही शब्द के नीचे रेखा खीचिए―
(क) उतसुकता, उतसूकता, उत्सुकता, उत्सूकता
उत्तर- उत्सुकता
(ख) बुधिमान, बुद्धिमान, बुद्धीमान, बूद्धिमान
उत्तर- बुद्धिमान
(ग) वादशाह, बादशाह, वादसाह, वादशहा
उत्तर- बादशाह
(घ) प्रभावशाली, परभावशाली, प्रभाभशाली, पर्भावषाली
उत्तर- प्रभावशाली
(ड.) आर्शीवाद, आर्शिवाद, आषीरवाद, आशीर्वाद
उत्तर- आशीर्वाद

3. स्तम्भ 'अ' में व्याक्यांश तथा स्तंभ 'ब' में व्याक्यांश के लिए एक शब्द दिया है। इनकी सही जोड़ियाँ बनाइए―
स्तंभ 'अ' -------------- स्तंभ 'ब'
जिसका अधिक प्रभाव हो – सेवक
जिसके पास बुद्धि है – पुजारी
सेवा करने वाला – वाचाल
पूजा करने वाला – प्रभावशाली
जो अभी बहुत बोलता है – बुद्धिमान
उत्तर-
स्तंभ 'अ' -------------- स्तंभ 'ब'
जिसका अधिक प्रभाव हो – प्रभावशाली
जिसके पास बुद्धि है – बुद्धिमान
सेवा करने वाला – सेवक
पूजा करने वाला – पुजारी
जो अभी बहुत बोलता है – वाचाल

4. शब्दों को उचित क्रम में रखकर सार्थक वाक्य बनाइए―
(क) राजा का एक दूत दरबार में लंका के पहुँचा अकबर के।
उत्तर- अकबर के दरबार में लंका के राजा का एक दूत पहुँचा।
(ख) बादशाह चकरा अकबर गए सुनकर दूत की बात।
उत्तर- दूत की बात सुनकर बादशाह अकबर चकरा गए।
(इ) व्यवस्था की नौकर ने मिट्टी के घड़ों की।
उत्तर- नौकर ने मिट्टी के घड़ों की व्यवस्था की।
(ई) तुमने अपनी निभाई है कुशलतापूर्वक बड़ी जिम्मेदारी।
उत्तर- तुमने अपनी जिम्मेदारी बड़ी कुशलतापूर्वक निभाई है।

5. निम्नलिखित शब्दों के तत्सम रूप छाँटकर लिखिए―
घड़ा- घट
काम- कर्म
मुँह- मुख
सूरज- सूर्य
आग- अग्नि
दिन- दिवस
साँप- सर्प
हाथ- हस्त

6. पाठ में आए इन शब्दों को पढ़िए और चौखाने में दिए शब्दों में से इनके हिंदी शब्द खोजकर लिखिए―
बन्दोबस्त- प्रबंध
खास- विशेष
हुक्म- आदेश
बादशाह- महाराज
मौजूद- विद्यमान
हाजिर- उपस्थित
मजाक- उपहास
भरोसा- विश्वास
इनाम- पुरस्कार
कीमती- मूल्यवान
अक्ल- बुद्धि
नुकसान- हानि
खुद- स्वयं
जिम्मेदारी- उत्तरदायित्व
हुजूर- श्रीमान्
जवाब- उत्तर
पेश- प्रस्तुत
शानदार- भव्य

7. आगे बनी वर्ग पहेली से निम्नलिखित शब्दों के दो-दो पर्यायवाची शब्द छाँटिए―
आकाश- नभ, गगन
कमल- नीरज, जलज
घर- सदन, भवन
पानी- जल, नीर
दिन- वार, दिवस
फूल- सुमन, पुष्प


संबंधित जानकारी के लिए नीचे दिये गए विडियो को देखें।👇🏻
(Watch video for related information)

संबंधित जानकारी नीचे देखें।
(Watch related information below) 👇🏻



आशा है, उपरोक्त जानकारी उपयोगी एवं महत्वपूर्ण होगी।
(I hope the above information will be useful and important. )
Thank you.
R. F. Tembhre
(Teacher)
infosrf.com

  • Share on :

Comments

Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

ब्लूप्रिंट आधारित प्रश्नपत्र (हल सहित) कक्षा- 5 विषय - हिन्दी (प्रथम भाषा) वार्षिक परीक्षा वर्ष- 2025 | Imp Solved Qurstions

इस भाग में कक्षा पांचवी की वार्षिक परीक्षा की तैयारी हेतु विषय हिंदी का ब्लूप्रिंट आधारित हल प्रश्न पत्र यहाँ पर दिया गया है।

Read more

40 वैकल्पिक प्रश्न कक्षा -5 वार्षिक परीक्षा 2025 हेतु imp हिन्दी, अंग्रेजी, गणित एवं पर्यावरण के प्रश्न

इस भाग में 40 वैकल्पिक प्रश्न कक्षा -5 वार्षिक परीक्षा 2025 हेतु imp हिन्दी, अंग्रेजी, गणित एवं पर्यावरण के प्रश्न दिए गए हैं।

Read more

पाठ के अंदर से बने प्रश्न- पाठ 1 पुष्प की अभिलाषा | ब्लूप्रिंट आधारित परीक्षापयोगी वस्तुनिष्ठ, रिक्त स्थान पूर्ति, लघुत्तरीय प्रश्न

इस भाग में वार्षिक परीक्षा की तैयारी के लिए हिन्दी कक्षा - 5 के पाठ 1 "पुष्प की अभिलाषा" के अंदर से वस्तुनिष्ठ, रिक्त स्थान पूर्ति, अति लघुत्तरीय, लघुत्तरीय एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्न और उनके उत्तर दिए गए हैं।

Read more

Follow us

Catagories

subscribe

Note― अपनी ईमेल id टाइप कर ही सब्सक्राइब करें। बिना ईमेल id टाइप किये सब्सक्राइब नहीं होगा।